Spread the love

पौड़ी में किलकारी मोबाइल सेवा के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम: गर्भवती महिलाओं और शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पहल

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।आज मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पौड़ी में राज्य स्तर से किलकारी मोबाइल सेवा के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य कार्यक्रम प्रबंधक किलकारी सेवा डॉ.अखिलेश त्रिपाठी द्वारा मौजूद प्रतिभागियों को किलकारी कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। उनके द्वारा बताया गया कि स्वस्थ सुरक्षित गर्भावस्था के लिए किलकारी स्वास्थ्य आधारित मोबाइल सेवा है,जो कि गर्भवती माताओं,और शिशुओं से संबंधित है यह गर्भावस्था के चौथे महीने से लेकर बच्चे के जन्म से 1 वर्ष तक ऑडियो संदेशों के माध्यम से साप्ताहिक स्वास्थ्य जानकारी प्रदान करती है। किलकारी सेवा से जुड़ने के लिए गर्भवती महिला को स्वास्थ्य केंद्र में जाकर अपना पंजीकरण करवाना आवश्यक है। पंजीकरण करने के पश्चात महिला की जानकारी प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य पोर्टल में दर्ज होने के उपरांत लाभार्थी के पंजीकृत मोबाइल पर 1600403660 से निःशुल्क किलकारी मोबाइल सेवा प्राप्त होगी। इस सेवा में महिला द्वारा पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्रत्येक सप्ताह एक कॉल आएगा जिस पर गर्भावस्था और बच्चे के स्वास्थ्य से जुड़ी सही और सटीक जानकारी प्राप्त होगी,कॉल मिस होने की स्थिति में यदि लाभार्थी चाहे तो 14423 डायल कर किलकारी संदेश को दुबारा सुन सकते हैं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला द्वारा कहा गया कि किलकारी सेवा से गर्भवती महिलाएं लाभान्वित होंगी।किलकारी सेवा की पहुंच बढ़ाने के लिए अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है इसलिए वे सभी लाभार्थियों को किलकारी सेवा के बारे में अवश्य जानकारी दें।अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिला नोडल अधिकारी एन.एच.एम.डॉ.पारुल गोयल द्वारा सभी ब्लॉकों से आए प्रतिभागियों को अपने अपने क्षेत्र की आशा व ए.एन.एम.के माध्यम से लाभार्थी को किलकारी मोबाइल सेवा की जानकारी प्रदान करने के साथ ही आर.सी.एच.पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण बढ़ाए जाने हेतु निर्देशित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिवीजन आफिसर किलकारी कार्यक्रम सिद्धांत मेहरा,जिला डाटा मैनेजर मनीष भट्ट,निम्मी कुकरेती,दिनेश शाह,दीपक खसुली,तथा समस्त विकासखंडों से आए ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक,डाटा एंट्री ऑपरेटर,व आशा कॉर्डिनेटर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp