Spread the love

एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय: प्रो.प्रशांत कंडारी को डीन एकेडमिक अफेयर्स की नई जिम्मेदारी

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्रो.प्रशांत कंडारी को डीन एकेडमिक अफेयर्स का दायित्व सौंपा गया है। शैक्षणिक क्षेत्र में लंबे अनुभव और उच्च प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचान रखने वाले प्रो.कंडारी विश्वविद्यालय की नई शैक्षणिक प्रक्रियाओं के सुदृढ़ीकरण में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। वे विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति अनुपालन समिति के समन्वयक के रूप में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.राकेश डोढ़ी ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय में डीन एकेडमिक अफेयर्स के कार्यों को और अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने के उद्देश्य से कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह के अनुमोदन के बाद यह जिम्मेदारी प्रो.कंडारी को प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि अकादमिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के हित में पारदर्शी,परिणाममुखी कदम उठाने के लिए योग्य व अनुभवी व्यक्तित्व की आवश्यकता थी,जिसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया। अर्थशास्त्र विभाग में अपनी विद्वता,शोधकार्यों तथा शिक्षण शैली से विशिष्ट पहचान बनाने वाले प्रो.कंडारी के दायित्व संभालने से उम्मीद की जा रही है कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में नई ऊर्जा और गति आएगी। विश्वविद्यालय परिवार ने भी उनकी नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में शैक्षणिक गुणवत्ता और नवाचार को और बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp