Spread the love

बेस चिकित्सालय की बड़ी उपलब्धि के रूप में 10 मरीज कैंसर मुक्त हुए और कैंसर योद्धा को सम्मानित

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस चिकित्सालय ने कैंसर उपचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल ने गढ़वाल क्षेत्र के 10 कैंसर पीड़ित मरीजों को सफलतापूर्वक उपचारित कर उन्हें कैंसर मुक्त किया है। इन मरीजों को बेस अस्पताल में एक वर्ष पूर्व शुरू की गई कैंसर एवं पैलिएटिव केयर ओपीडी से लाभ मिला,जहां उनका उपचार आयुष्मान योजना के तहत निःशुल्क किया गया। प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत की पहल पर खुली कैंसर ओपीडी से आज मरीजों को लाभ मिल रहा है। कैंसर से पूर्ण रूप से उभर चुके इन 10 मरीजों को कैंसर योध्दा के रूप में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मरीजों ने अपने संघर्ष के दिनों को याद किया और अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा मिले सहयोग,सहानुभूति और प्रभावी इलाज के लिए आभार व्यक्त किया। डॉ.आशुतोष सयाना ने कैंसर स्पेशलिस्ट एवं ऑन्कोलॉजी सर्जन डॉ.अजीत तिवारी और कैंसर ओपीडी के नोडल अधिकारी डॉ.मोहित कुमार की टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने मरीजों के साथ करुणा और सकारात्मक व्यवहार रखते हुए उच्च गुणवत्ता का चिकित्सकीय उपचार प्रदान किया,जो अनुकरणीय है। उन्होंने कैंसर जैसी बीमारी से उभरे सभी लोगों को बधाई दी। प्राचार्य ने बताया कि कैंसर से बचाव के लिए आवश्यक वैक्सीन उपलब्ध कराने,ब्रैकीथेरेपी मशीन की स्थापना तथा मैमोग्राफी परीक्षण शुरू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ.अजीत तिवारी ने बताया कि इन 10 मरीजों की रिकवरी टीम के प्रयासों और परिजनों के सहयोग से सफल हो सकी। उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज केवल दवाओं और सर्जरी का मामला नहीं है। यह मरीज की उम्मीद,उसके परिवार का भरोसा और डॉक्टर की प्रतिबद्धता। तीनों के मेल से ही सफल होता है। हमें गर्व है कि 10 मरीजों को हमने न सिर्फ इलाज दिया,बल्कि उन्हें नई जिंदगी दी। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों के परिवारों ने उपचार के हर चरण में महत्वपूर्ण सहयोग किया। डॉ.तिवारी ने गढ़वाल क्षेत्र के लोगों को समय-समय पर जांच कराने की सलाह देते हुए कहा मैमोग्राफी और सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन दो ऐसे साधन हैं,जो देर होने से पहले बीमारी का पता लगाकर जान बचा सकते हैं। हमारी कोशिश है कि क्षेत्र में लोग जागरूक हों और समय पर अस्पताल पहुंचें। कैंसर ओपीडी के नोडल अधिकारी डॉ.मोहित कुमार ने जानकारी दी कि अक्टूबर 2024 में शुरू हुई कैंसर ओपीडी में अब तक 450 मरीजों की जांच की जा चुकी है,जिनमें से 250 मरीज भर्ती होकर उपचार प्राप्त कर चुके हैं। इनमें से 10 मरीजों को पूरी तरह कैंसर मुक्त कर दिया गया है। इन मरीजों में 4 श्रीनगर,2 रुद्रप्रयाग,1 गैरसैण और 3 पौड़ी जिले से थे। कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राकेश रावत,एनेस्थिसिया विभाग के एचओडी डॉ.अजेय विक्रम सिंह,बाल रोग विभाग के एचओडी डॉ.सीएम शर्मा,हड्डी रोग विभाग के एचओडी डॉ.दयाकृष्ण टम्टा,ईएनटी विभाग के एचओडी डॉ.अर्जुन सिंह,डॉ.नेहा काकरान सहित अनेक फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp