Spread the love

खेलो इंडिया 2025 में गढ़वाल विश्वविद्यालय के पंकज सिंह 57 किग्रा बॉक्सिंग वर्ग में करेंगे प्रतिभाग

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय,श्रीनगर के बीपीएड विभाग के छात्र पंकज सिंह रेलकोटिया (बीपीएड तृतीय सेमेस्टर) राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 में 57 किलोग्राम भार वर्ग बॉक्सिंग प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता 1 से 5 दिसंबर 2025 तक भरतपुर, राजस्थान में आयोजित की जा रही है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) के संयुक्त तत्वावधान में होता है। इस वर्ष इसका 5वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है,जिसमें देशभर के प्रमुख विश्वविद्यालयों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। 57 किलोग्राम भार वर्ग में इस बार कुल 8 राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागी शामिल होंगे,जो सीधे क्वार्टर फाइनल दौर में मुकाबला करेंगे। यह प्रारूप प्रतियोगिता को अत्यंत प्रतिस्पर्धी और रोमांचक बनाता है। प्रतियोगिता में चयनित होने पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह,अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओपी गुसाईं तथा खेल निदेशक प्रो.जेपी मेहता ने पंकज सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें आवश्यक खेल सामग्री (Boxing Kit) भेंट की। विश्वविद्यालय की ओर से सहायक निदेशक स्पोर्ट्स मोहित सिंह बिष्ट बतौर टीम मैनेजर पंकज सिंह के साथ प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। पंकज सिंह का चयन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। बीपीएड विभाग के शिक्षकों एवं सहपाठी छात्रों ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य और पदक जीतने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp