Spread the love

हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र आईआईटी बॉम्बे ई समिट के नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज के लिए चयनित

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के 15 नवाचारशील छात्रों की टीम आई आई टी बॉम्बे के एंटरप्रेन्योरशिप सेल द्वारा आयोजित ई समिट में नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप चैलेंज के फाइनल में भाग लेने के लिए चयनित हुई है। इस टीम में 11 छात्र और 4 छात्राएँ शामिल हैं,जो राष्ट्रीय मंच पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी। छात्रों की इस उपलब्धि के पीछे विश्वविद्यालय के रिसर्च और इनक्यूबेशन विंग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम ने रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल के निदेशक प्रो.हेमवती नंदन के मार्गदर्शन में कार्य किया। टेक्नोलॉजी प्री इनक्यूबेशन सेल के समन्वयकों-डॉ.दिगार सिंह,डॉ.रोहित महर,डॉ.भास्करन और डॉ.वरुण बर्थवाल-ने तकनीकी और रणनीतिक सहायता प्रदान की,जिससे छात्रों के उद्यमशील विचारों को नई दिशा मिली और वे प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार हो सके। प्रस्थान से पूर्व टीम को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से गर्मजोशी के साथ शुभकामनाएँ दी गईं। कुलपति प्रो श्री प्रकाश सिंह ने छात्रों को बधाई देते हुए नवाचार के महत्व को रेखांकित किया। रजिस्ट्रार प्रो राकेश कुमार धोडी,वित्त अधिकारी डॉ संजय ध्यानी और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो ओ पी गुसाईं ने भी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि छात्र विश्वविद्यालय का नाम पूरे देश में गौरवान्वित करेंगे। आई आई टी बॉम्बे का ई समिट एशिया के प्रमुख छात्र-संचालित व्यावसायिक आयोजनों में से एक है,जहाँ उभरते उद्यमियों,निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों का संगम होता है। इस समिट में प्रतियोगिताएँ,कार्यशालाएँ और संवाद सत्र शामिल होते हैं,जो युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन में सहभागिता से विश्वविद्यालय के छात्रों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और उद्योग जगत के प्रमुख व्यक्तियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp