Spread the love

कृषि तकनीक विभागीय योजनाओं की जानकारी व शिकायत निस्तारण पर रहेगा विशेष जोर

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग द्वारा आगामी 17 दिसंबर 2025 को जनपद के सभी विकासखंडों अगस्त्यमुनि,जखोली एवं ऊखीमठ में किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम की रूपरेखा निर्धारण हेतु विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ कल एक महत्वपूर्ण बैठक की गई थी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को कृषि,पशुपालन,मत्स्य पालन,डेयरी आदि क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों,विभागीय योजनाओं तथा तकनीकी जानकारी से जोड़ना है,जिससे वे अपनी आजीविका और उत्पादन क्षमता को और सुदृढ़ कर सकें। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन ने बताया कि किसान दिवस किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल है,जिसमें कृषि,पशुपालन आदि से जुड़े सभी विभाग संयुक्त रूप से कृषकों को जानकारी व सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने जनपद के समस्त कृषक भाइयों एवं बहनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शिरकत करने की अपील की है। कार्यक्रम का आयोजन जनपद के तीनों विकासखंडो अगस्त्यमुनि,जखोली,ऊखीमठ के सभागार में 17 दिसंबर 2025, प्रातः11:00 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियाँ कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में विकसित नवीन प्रौद्योगिकियों की जानकारी किसानों को दी जाएगी इसके साथ ही कृषि,उद्यान,पशुपालन,डेयरी,मत्स्य पालन समेत सभी विभाग अपनी-अपनी योजनाओं का विस्तृत विवरण किसानों को उपलब्ध कराएंगे तथा किसानों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया जाएगा। आवश्यक मामलों को शासन को रिपोर्ट कर अग्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन,सलाह एवं वैज्ञानिक खेती के तरीकों पर भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि किसान दिवस किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा,इसलिए सभी कृषकों से अपेक्षा है कि वे निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp