Spread the love

औचक निरीक्षण में थाना पोखरी पहुँचे चमोली के एसपी ने चेकिंग और जनजागरूकता अभियानों को प्रभावी बनाने के निर्देश

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने थाना पोखरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर का सघन भ्रमण करते हुए थाना कार्यालय,भोजनालय,मालखाना एवं आवासीय भवनों का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने पोखरी क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के संचालन को स्वयं परखा और सभी कैमरों को हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए। हवालात का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही थाने में उपलब्ध आपदा उपकरणों एवं सामग्री की जांच कर उनकी उपयोगिता और तत्परता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान थाना पोखरी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी थानाध्यक्ष रुकम सिंह को निर्देशित किया कि चल रहे चेकिंग अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए धरपकड़ सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं के बीच साइबर अपराधों से बचाव,नशे के दुष्प्रभावों और महिला सुरक्षा जैसे विषयों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र और सफल निस्तारण,वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा न्यायालय से प्राप्त सम्मनों की समयबद्ध तामील सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को अपने एसीआर के स्वमूल्यांकन की प्रक्रिया समय पर पूरी करने और iGOT कर्मयोगी ऐप के माध्यम से अनिवार्य कोर्स पूर्ण करने के निर्देश भी दिए,जिससे कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि हो सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना भोजनालय में भोजन की गुणवत्ता भी परखी।भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाए जाने पर कुक कुलदीप के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें नगद इनाम से पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp