Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आम जनता की मेहनत की कमाई से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ चमोली पुलिस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अपराध कितना भी पुराना क्यों न हो,कानून से बचना संभव नहीं है। इसी क्रम में वर्ष 2001 से फरार चल रहे हिमगिरी प्लांटेशन ठगी मामले के 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी रविन्द्र मोहन को चमोली पुलिस ने करीब 25 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला वर्ष 2001 का है,जब कालीमठ निवासी शिव प्रसाद ने थाना गोपेश्वर में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रविन्द्र मोहन और उसके भाई राकेश मोहन,निवासी ग्राम जामू,थाना गुप्तकाशी,जनपद रुद्रप्रयाग ने वर्ष 1993 में हिमगिरी प्लांटेशन नामक कंपनी की स्थापना की थी। दोनों आरोपियों ने लोगों को कम समय में पैसा दोगुना करने और आकर्षक लाभ का लालच देकर निवेश कराया। वर्ष 2001 में दोनों आरोपी जनता के लाखों रुपये लेकर फरार हो गए। मामले में थाना गोपेश्वर में अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए थे। न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को फरार घोषित किया गया था,जिसके बाद उनके विरुद्ध स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किए गए। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस स्तर पर इनाम भी घोषित किया गया था। फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चमोली पुलिस द्वारा पुराने और गंभीर मामलों की लगातार समीक्षा की जा रही थी। इसी क्रम में रविन्द्र मोहन की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण,विभिन्न अभिलेखों और देशव्यापी रिकॉर्ड के माध्यम से आरोपी की तलाश की। जांच के दौरान आरोपी से जुड़े दिल्ली और नोएडा के पते सामने आए,जिनकी पुष्टि के लिए पुलिस टीम को भेजा गया। जांच में यह भी जानकारी मिली कि आरोपी किसी निजी कार्यक्रम के लिए अपने गृह क्षेत्र की ओर आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने रणनीतिक कार्रवाई करते हुए 15 दिसंबर 2025 को फाटा क्षेत्र से आरोपी रविन्द्र मोहन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस मामले में फरार दूसरे मुख्य आरोपी राकेश मोहन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा अभियान जारी है और उसे भी शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है। चमोली पुलिस का कहना है कि संगठित वित्तीय अपराधों में शामिल होकर जनता को ठगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।पुलिस टीम,उपनिरीक्षक सतेन्द्र बुटोला स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप,हेड कांस्टेबल अंकित पोखरियाल स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप,कांस्टेबल सलमान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप,कांस्टेबल रविकांत स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप,कांस्टेबल कमलेश सजवाण,कोतवाली कर्णप्रयाग,टेक्निकल टीम,उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल,कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह रावत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp