Spread the love

प्रदीप कुमार
थराली-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल।चमोली जनपद में महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का एक और उदाहरण सामने आया है। 17 दिसंबर 2025 को थाना थराली में तहरीर दी गई कि 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री 16 दिसंबर 2025 को किसी कार्य से बाजार गई थी,लेकिन वापस घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद जानकारी मिली कि सुभाष निवासी ग्राम बुडेरा नारायणबगड़ ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर थाना थराली में मुकदमा पंजीकृत किया गया और प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विवेचनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की गई। थराली क्षेत्र में हाल के दिनों में नाबालिग बालिकाओं के गुम होने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली ने नाबालिग की शीघ्र बरामदगी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की।पुलिस टीम द्वारा सतत सर्विलांस,पतारसी और निगरानी के बाद अभियुक्त सुभाष को 18 दिसंबर 2025 को छपार,जनपद मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया। इसी कार्रवाई में नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया।पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह गोवा में नौकरी करता है और नाबालिग को अपने साथ गोवा ले जाने की योजना बना रहा था। बरामदगी के बाद अभियुक्त और नाबालिग का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और नाबालिग के न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू है। पुलिस ने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर जनपद चमोली में तीन नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा जा चुका है,जो पुलिस की सतर्कता,संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का प्रमाण है। इसके साथ ही जनपद पुलिस महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चला रही है,जिससे अभिभावक और किशोरियां सुरक्षा उपायों के प्रति सतर्क रहें। पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें,समय-समय पर उनसे संवाद बनाए रखें और बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से समय रहते बचाव किया जा सके।पुलिस टीम,अपर उपनिरीक्षक भगवान सिंह,महिला होमगार्ड शिवानी,पीआरडी सुरेन्द्र।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp