Spread the love

प्रदीप कुमार
ज्वालापुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस ने धार्मिक आस्था के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाले ढोंगी बाबाओं के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने साधु के भेष में तंत्र-मंत्र और जादू-टोना दिखाकर स्थानीय लोगों व यात्रियों को आकर्षित कर रहे सात बेहरुपी बाबाओं को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार,20 दिसंबर 2025 को कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। मौके पर इन ढोंगी बाबाओं की गतिविधियों के कारण भारी भीड़ एकत्र हो रही थी,जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों के भड़कने की आशंका बनी हुई थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी सातों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पीर मोहम्मद शाह,रमेश गिरी,मनोज,सनी कुमार देव,चंदन सिंह,अशोक कुमार और रतन वीर सिंह शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं और साधु का भेष धारण कर लोगों को भ्रमित कर रहे थे। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक समीप पाण्डेय,अपर उप निरीक्षक राकेश कुमार सहित कांस्टेबल अरुण कोटला,अंकुर चौधरी,महावीर पुण्डीर और दिनेश कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन कालनेमि के तहत आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी,जो धार्मिक आस्था का दुरुपयोग कर समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp