Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड नैनीडांडा की न्याय पंचायत भौन में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया गया। शिविर में कुल 18 शिकायतें दर्ज हुईं,जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया,जबकि 46 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में 562 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी धुमाकोट श्रेष्ठ गुनसोला ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से किया जाए,ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उपजिलाधिकारी ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में ग्रामीणों तक पहुंचायी जाय,जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। शिविर में स्वास्थ्य,कृषि,उद्यान,पशुपालन,आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा,ग्रामोत्थान, एनआरएलएम सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गयी। कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए,जहां मौके पर ही कई सेवाएं उपलब्ध करायी गयी। इस अवसर पर राज्यमंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल,ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी,ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा देवी,कनिष्ठ उप प्रमुख राजेंद्र पटवाल,खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे,एसडीओ विद्युत नवीन मैंदोला सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *