Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जनपद क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती की जान श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल में समय रहते किए गए जटिल ऑपरेशन से बचा ली गई। युवती बीते दो दिनों से पेट में तेज और असहनीय दर्द के साथ-साथ बार-बार उल्टी की गंभीर समस्या से पीड़ित थी,जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। परिजन 31 जनवरी को युवती को श्रीनगर बेस अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल आवश्यक जांच शुरू की। सीटी स्कैन रिपोर्ट में सामने आया कि युवती की छोटी आंत आपस में उलझ चुकी थी,जिसके कारण आंतों में रक्त का प्रवाह रुक गया था। चिकित्सकों के अनुसार यह स्थिति अत्यंत खतरनाक होती है और समय पर इलाज न मिलने की स्थिति में मरीज की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। मरीज की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बिना किसी देरी के ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। करीब तीन घंटे तक चले इस जटिल ऑपरेशन को सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ.राकेश रावत एवं डॉ.धनंजय डोभाल के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।ऑपरेशन टीम में ऑपरेटिंग सर्जन डॉ.विवेक यादव (सीनियर रेजिडेंट) के साथ डॉ.रश्मि और डॉ.योगेंद्र बिष्ट शामिल रहे। चिकित्सकों ने बताया कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और वर्तमान में मरीज की स्थिति स्थिर बनी हुई है। मरीज को निरंतर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। इस संबंध में विभागाध्यक्ष डॉ.राकेश रावत ने बताया कि तीव्र इंटससेप्शन (Acute Intussusception) एक गंभीर बीमारी है,जिसमें आंत का एक हिस्सा दूसरे हिस्से के अंदर चला जाता है। यह समस्या अधिकतर छोटे बच्चों और किशोरों में देखने को मिलती है,लेकिन कभी-कभी वयस्कों में भी यह बीमारी हो सकती है,खासकर तब जब आंत में कोई गांठ या ट्यूमर मौजूद हो। यदि मरीज देर से इलाज के लिए पहुंचता है,तो आंत खराब हो सकती है और ऐसी स्थिति में ऑपरेशन कर उस हिस्से को निकालना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बार-बार पेट दर्द,उल्टी या पेट से जुड़ी अन्य समस्याएं हो रही हों,तो समय रहते कॉन्ट्रास्ट सीटी स्कैन कराना अत्यंत आवश्यक है,जिसकी सुविधा बेस अस्पताल में उपलब्ध है। गौरतलब है कि श्रीनगर बेस अस्पताल में हाल के दिनों में जटिल सर्जरी के क्षेत्र में लगातार सफलताएं दर्ज की जा रही हैं। इससे पूर्व भी डॉ.विवेक यादव द्वारा 76 वर्षीय महिला के आंतों में टीबी से संबंधित एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया था। बेस अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और अनुभवी चिकित्सकों की टीम के माध्यम से जटिल से जटिल बीमारियों का सफल उपचार किया जा रहा है,जिससे दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp