Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सफल संचालन तथा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 7 से 8 फरवरी 2026 तक केदारपुरी में विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग,केदारपुरी तथा गौरीकुण्ड से केदारनाथ तक की समस्त व्यवस्थाओं का विस्तार से परीक्षण किया जाएगा, ताकि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जा सकें। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल सिंह रावत एवं तहसीलदार ऊखीमठ को यात्रा मार्ग पर स्थित समस्त दुकानों का निरीक्षण एवं चिन्हीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अभियंता निर्माण खंड गुप्तकाशी को पैदल यात्रा मार्ग की मरम्मत,बेंच,कूड़ादान,डंडी-कंडी काउंटर,तप्तकुण्ड सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आंगणन तैयार कर स्वीकृति हेतु प्रस्तुत करने को कहा गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को यात्रा रूट की सुरक्षा,आपदा पूर्व तैयारियों तथा संवेदनशील वृक्षों के कटान की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग,लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग को रुद्रप्रयाग से गौरीकुण्ड तक सड़क मार्ग का निरीक्षण करने को कहा गया है। विद्युत वितरण खंड रुद्रप्रयाग को विद्युत व्यवस्थाओं का निरीक्षण, जल संस्थान को जल आपूर्ति,प्याऊ,चरियां एवं स्टैंड पोस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने,जबकि बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को डंडी-कंडी काउंटर एवं यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं के निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी को प्रीपेड काउंटरों का निरीक्षण एवं चिन्हांकन, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला पंचायत को यात्रा मार्ग की साफ-सफाई,ट्रेंचिंग ग्राउंड एवं कूड़ादान व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने,तथा पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी एवं सोनप्रयाग को सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस चेक पोस्ट को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को घोड़े-खच्चरों के संचालन एवं उनके स्वास्थ्य परीक्षण,उप प्रभागीय वनाधिकारी को वन भूमि से संबंधित व्यवस्थाओं के निरीक्षण,जिलापूर्ति अधिकारी को आवास एवं भोजन व्यवस्था ,अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत केदारनाथ को पंचायत स्तर पर साफ-सफाई एवं कूड़ादान व्यवस्था,तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सुविधाएं,मेडिकल कैंप और जांच चौकियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक गढ़वाल मंडल विकास निगम को आवासीय एवं टेंट व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है,जबकि सुलभ इंटरनेशनल को यात्रा मार्ग की साफ-सफाई का दायित्व सौंपा गया है। सभी व्यवस्थाओं की निगरानी एवं समन्वय के लिए उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल सिंह रावत को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निरीक्षण के दौरान अपने विभाग से संबंधित समस्त जानकारियों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। पैदल यात्रा मार्ग के निरीक्षण के उपरांत सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना,आवश्यक औपचारिकताओं एवं अभिलेखों सहित तीन दिवस के भीतर यात्रा व्यवस्था सेल को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp