Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने इजरायल और ईरान के बीच बने युद्ध जैसे हालातों को देखते हुए खाड़ी देशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर प्रशासन ने ऐसे नागरिकों की जानकारी जुटाने और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य या परिचित रोजगार व्यवसाय शिक्षा अथवा अन्य कारणों से युद्ध प्रभावित खाड़ी देशों में रह रहा है या किसी समस्या में फंसा हुआ है तो उसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन का कहना है कि समय रहते जानकारी मिलने पर ऐसे नागरिकों की सुरक्षित और शीघ्र वापसी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इजरायल ईरान सहित अन्य खाड़ी देशों में बने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए वहां रह रहे उत्तराखंड के नागरिकों विशेषकर रुद्रप्रयाग जनपद के लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के परिजन यदि इन देशों में रह रहे हैं और उनके बारे में जानकारी साझा करनी हो या कुशलक्षेम जाननी हो तो जिला प्रशासन के आपदा कंट्रोल रूम और जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है।उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से लोग अपने परिजनों से संबंधित आवश्यक जानकारी दे सकते हैं। यदि किसी का परिजन युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में फंसा हुआ है तो उसकी सूचना भी इन नंबरों पर दी जा सकती है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन सेवाएं 24 घंटे संचालित रहेंगी तथा जिला प्रशासन की पूरी टीम इस कार्य के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
संपर्क हेतु हेल्पलाइन नंबर जिला आपदा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग
मोबाइल- 8958757335
दूरभाष- 01364-233727
जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग
मोबाइल- 7579257572
निरीक्षक एलआईयू रुद्रप्रयाग
मोबाइल-9412939886
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि इस संबंध में प्राप्त किसी भी सूचना को तत्काल प्रशासन के साथ साझा करें ताकि प्रभावित नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp