Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस विभाग की अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने गैरसैंण क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिस भवनों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन थाना भवन गैरसैंण और फायर यूनिट भवन के कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि भवनों के निर्माण में मजबूती और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा निर्माण सामग्री और ढांचागत गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।साथ ही सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए ताकि पुलिस बल को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।निरीक्षण के बाद पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा ने वर्तमान थाना भवन गैरसैंण का भी निरीक्षण किया। नए भवन में थाना स्थानांतरित होने के बाद वर्तमान भवन को बाजार चौकी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही यहां क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग का कैंप कार्यालय बनाए जाने का भी प्रस्ताव है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने भवन में तैनात कर्मियों और एलआईयू कर्मचारियों के रहने की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत प्रभारी निरीक्षक मनोज सिरोला वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुमित खुग्शाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp