Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के निर्देशानुसार 16 मार्च से 31 मार्च 2026 तक गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला गंगा संरक्षण समिति हरिद्वार के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के तहत गंगा घाटों एसटीपी प्लांट और कार्यालय परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गंगा को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ भी ली। पेयजल निगम की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने जगजीतपुर स्थित 68 एमएलडी एसटीपी प्लांट का छात्रों और स्थानीय लोगों के साथ भ्रमण कराया। उन्होंने घरों से निकलने वाले सीवर और अपशिष्ट दूषित जल के शोधन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सत्यदेव आर्य ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में गंगा की स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इसके तहत हरिद्वार में जल संस्थान द्वारा गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसमें लगभग 50 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। इसी क्रम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रुड़की द्वारा कार्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर लगभग 50 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गंगा स्वच्छता पखवाड़े के दौरान नगर निगम हरिद्वार के माध्यम से विभिन्न घाटों पर भी स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp