Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर शहर में रसोई गैस और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय में मेयर आरती भंडारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस एजेंसियों के संचालकों और पूर्ति निरीक्षक के साथ विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान मेयर ने सभी गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। मेयर ने एजेंसी संचालकों को आपसी समन्वय बनाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुचारू गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही डोर-टू-डोर गैस सिलेंडर डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में एजेंसी संचालकों ने बताया कि गैस सिलेंडर उन्हीं उपभोक्ताओं को दिए जाएंगे जिन्होंने पहले से गैस बुकिंग कर रखी है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी गैस एजेंसियों को नगर निगम के पार्षदों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए हैं जिससे वार्ड स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए बैठक में वैकल्पिक ईंधन के रूप में डीजल भट्टी के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। व्यापारियों को पूर्ति निरीक्षक से संपर्क कर डीजल की होम डिलीवरी सुविधा लेने की सलाह दी गई। बैठक में सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार पूर्ति निरीक्षक श्रीनगर विजय कैंतुरा अलकनंदा इंडेन गैस श्रीनगर के संचालक भारत गैस कीर्तिनगर के संचालक पार्षद दिनेश पटवाल देवेंद्र मणि मिश्रा धर्म सिंह रावत प्रवेश चमोली नरेंद्र रावत विजय चमोली सुमित बिष्ट राजकुमार उज्ज्वल अग्रवाल प्रदीप राणा एवं मीना असवाल उपस्थित रही। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम गैस आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी उपभोक्ता को परेशानी न हो और वितरण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित हो। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और नियमित रूप से गैस बुकिंग कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम हर स्थिति पर नजर रखे हुए है और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp