Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।आगामी श्री केदारनाथ धाम की यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के दृष्टिगत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रा मार्ग पर अवैध रूप से दुकान एवं टैंट लगाए जाने के मामलों का संज्ञान लिया है। प्रशासन के अनुसार बीते वर्ष जिन व्यक्तियों को यात्रा मार्ग पर दुकान या टैंट आवंटित किए गए थे उन्हें इस वर्ष पुनः संचालन के लिए तहसील कार्यालय ऊखीमठ में निर्धारित शुल्क जमा कर नया आवंटन पत्र प्राप्त करना अनिवार्य है। बिना आवंटन पत्र के किसी भी व्यक्ति को दुकान या टैंट संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कतिपय कुछ नागरिक नियमों की अनदेखी कर यात्रा मार्ग पर अवैध रूप से दुकानें और टैंट लगाकर अतिक्रमण करने का विचार कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए चेतावनी दी है कि अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और विधिवत आवंटन प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अपने प्रतिष्ठान संचालित करें ताकि केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति दुकान या टैंट लगाता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित व्यक्ति की होगी। उन्होंने यह भी कहा कि केदारनाथ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं ऐसे में मार्ग को सुरक्षित और व्यवस्थित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अतिक्रमण से यात्रा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे नियमों का पालन करें और आगामी यात्रा को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp