Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी विधानसभा के अंतर्गत अगरौड़ा मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कमल किशोर रावत ने कहा कि यह प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि यह अभियान कुल सात सत्रों में आयोजित किया जा रहा है जिसमें संगठन की कार्यप्रणाली विचारधारा सेवा भाव नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण को केवल कार्यक्रम न मानकर इसे आत्मसात करें और संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाएं। प्रशिक्षण महाअभियान के प्रथम दिवस पर आयोजित सत्रों में अनुभवी वक्ताओं ने अपने विचार रखे। प्रथम सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत ने संगठनात्मक संरचना और अनुशासन पर प्रकाश डालते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। द्वितीय सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष सुषमा रावत ने टीम वर्क की महत्ता बताते हुए संगठन में समन्वय और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। तृतीय सत्र में पूर्व विधायक मुकेश कोली ने सेवा ही संगठन के मूल मंत्र पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ता यदि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा करेंगे तभी संगठन का उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का आधार उसकी विचारधारा और समर्पित कार्यकर्ता हैं जो निस्वार्थ भाव से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में लगे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष संतोष चंदोला जिला उपाध्यक्ष प्रहलाद सिंह रावत मंडल प्रभारी एवं जिला कोषाध्यक्ष राजेश कंडारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण को उपयोगी और प्रेरणादायक बताते हुए संगठन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने का संकल्प लिया। यह महाअभियान आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और ऊर्जा देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp