Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग एवं भौतिक विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय आई सी एस एस आर प्रायोजित शोध पद्धति कार्यशाला का चौथा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रथम सत्र में प्रो.संजय कुमार सिन्हा द्वारा शोध प्रस्ताव एवं सारांश (सिनॉप्सिस) निर्माण विषय पर विस्तारपूर्वक व्याख्यान दिया गया। इस दौरान प्रभावी शोध प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए शोध समस्या की पहचान उद्देश्यों की स्पष्टता उपयुक्त कार्यप्रणाली तथा अपेक्षित परिणामों के मध्य संतुलन बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही प्रतिभागियों को अपने शोध विचारों को संक्षिप्त स्पष्ट एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की जानकारी दी गई। सत्र में शोध रिपोर्ट लेखन के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई जिसमें अध्यायों का सुव्यवस्थित संगठन शैक्षणिक लेखन शैली तथा शोध कार्य में तार्किक प्रवाह बनाए रखने के तरीकों को विस्तार से समझाया गया।द्वितीय सत्र में शोध रिपोर्ट एवं शोध लेख विषय पर प्रायोगिक सत्र आयोजित किया गया जिसमें प्रतिभागियों को शोध रिपोर्ट तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। तृतीय एवं चतुर्थ सत्र में प्रो.अमित कुमार जायसवाल द्वारा शोध नैतिकता एवं सत्यनिष्ठा साहित्यिक चोरी तथा बौद्धिक संपदा अधिकार अधिनियम:भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों में चुनौतियाँ एवं विचार विषय पर व्याख्यान एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान शोध में नैतिक मूल्यों मौलिकता बनाए रखने तथा बौद्धिक संपदा अधिकारों के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला गया। चारों सत्रों के समापन के पश्चात प्रतिभागियों ने पावरपॉइंट के माध्यम से अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की जिसमें पूरे दिन की गतिविधियों का सार प्रस्तुत किया गया। सत्र के अंत में आगामी दिवस में आयोजित होने वाले फील्ड विजिट पर चर्चा की गई जिसमें सभी प्रतिभागियों ने अपने विचार साझा किए तथा कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस कार्यशाला का संचालन प्रतिभागियों द्वारा सफलतापूर्वक किया गया जिसमें शोभित त्रिवेदी (इलाहाबाद विश्वविद्यालय) एवं गढ़वाल विश्वविद्यालय की प्रतिभागी मुस्कान शामिल रहीं। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन निदेशक डॉ.देवेंद्र सिंह तथा सह-निदेशक डॉ.आलोक सागर गौतम द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp