Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और सक्रिय तथा आदतन अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत कोटद्वार पुलिस ने शराब तस्करी में लगातार संलिप्त एक आदतन अपराधी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे 6 माह के लिए जनपद से जिला बदर किया है। पुलिस के अनुसार दिनेश दत्त निवासी शिवराजपुर कोटद्वार लंबे समय से शराब तस्करी में सक्रिय था और उसके विरुद्ध कई बार कार्रवाई की जा चुकी थी लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं आ रहा था। इसके चलते कोटद्वार पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी। रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित आरोपी को जनपद पौड़ी गढ़वाल की सीमा से 6 माह की अवधि के लिए बाहर करने के आदेश जारी किए। आदेश मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अप्रैल 2026 को आरोपी को जनपद की सीमा से बाहर कर दिया। पुलिस द्वारा आरोपी को कड़ी चेतावनी भी दी गई है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर वह दोबारा जनपद की सीमा में प्रवेश करता है तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके। आरोपी का विवरण दिनेश दत्त निवासी शिवराजपुर कोटद्वार जनपद पौड़ी गढ़वाल पुलिस टीम उप निरीक्षक सैय्यदुल बहार हेड कांस्टेबल राकेश आजाद कांस्टेबल अनुज वर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp