Spread the love

प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग में आगामी 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य 20 अप्रैल तक गुणवत्ता के साथ पूरे कर लिए जाएं। परिसर में साफ-सफाई और रंग-रोगन कार्यों का भी निरीक्षण किया गया तथा मौके पर कार्य कर रहे श्रमिकों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। उन्होंने मंदिर प्रभारी को निर्देश दिए कि नृसिंह मंदिर और योग बद्री मंदिर की साज-सज्जा 20 अप्रैल तक पूरी कर ली जाए। साथ ही बद्रीनाथ धाम को 22 अप्रैल तक फूलों से सजाने के निर्देश दिए गए जिसमें गेंदे और विभिन्न रंगों के गुलाब के फूलों का विशेष उपयोग करने को कहा गया। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर उनका ट्रायल कराने और कतारों में जगह-जगह स्क्रीन लगाने के निर्देश दिए गए ताकि श्रद्धालु प्रतीक्षा के दौरान धार्मिक कार्यक्रम देख सकें। इसके अलावा ज्योर्तिमठ और धाम के अतिथि गृहों की मरम्मत शीघ्र पूरी करने और पूरे परिसर में 20 अप्रैल से पहले आकर्षक साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए गए जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ज्योर्तिमठ लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बीकेटीसी के कार्मिक और संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp