Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने मंगलवार को जनपद रुद्रप्रयाग के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान जिला कार्यालय सभागार में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में सफाई कर्मचारियों को कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं स्वास्थ्य सुरक्षा आवास सुविधा कौशल विकास और स्थायी नियुक्ति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपाध्यक्ष मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की रीढ़ हैं और उनके कल्याण के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि आवास एवं झाड़ू भत्ते में बढ़ोतरी तथा बीमा राशि को एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपए किया गया है। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा मैनुअल स्कैवेंजरों के पुनर्वास के लिए भी प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। मकवाना ने अधिकारियों से ईपीएफ ईएसआई नमस्ते योजना रिक्त पदों पर नियुक्ति और निर्धारित मानकों के अनुसार वेतन भुगतान की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र कर्मचारियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर सफाई कर्मचारियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। साथ ही सभी कर्मचारियों को समय पर सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उपाध्यक्ष ने कहा कि मृतक आश्रितों को समय से नौकरी दी जाए कर्मचारियों के अवकाश और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा वेतन का भुगतान समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने नियमित कर्मचारियों के लिए गोल्डन कार्ड बनाने हेतु शिविर लगाने और नमस्ते योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया। बैठक में उन्होंने मैनुअल स्कैवेंजर एक्ट 2013 के तहत गठित समिति की शीघ्र बैठक आयोजित करने सभी सफाई कर्मियों को ईपीएफ व ईएसआई का लाभ देने केंद्रीय न्यूनतम वेतन के अनुसार मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने तथा आउटसोर्स व संविदा कर्मियों को बोनस देने के निर्देश दिए। इसके अलावा राष्ट्रीय पर्वों पर कार्य लेने पर डबल मानदेय देने आवास सुविधा उपलब्ध कराने स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने और प्रत्येक तीन माह में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर श्रम नेता जयपाल टॉक विशाल बिरला मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत संजय कुमार मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट ए.सीएमओ डॉ सीमा टेकचंदानी जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर.मलेठा जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत एआरटीओ कुलवंत चौहान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/पंचायत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp