Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति की बैठक चौरास परिसर स्थित शैक्षणिक क्रियाकलाप केंद्र में कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई।बैठक में आगामी सत्र 2026-27 के लिए विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया सीयूईटी के माध्यम से संचालित की जाएगी जबकि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी जिसकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। साथ ही पीएचडी प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया प्रारंभ करने पर भी सहमति बनी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत आगामी सत्र से उन विषयों में एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे जिनमें चतुर्थ वर्ष के छात्र अध्ययनरत हैं। इसके लिए सीटों का निर्धारण भी किया गया है। बैठक में पीएचडी सीटों का रोस्टर भी स्वीकृत किया गया। छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आगामी सत्र से स्वास्थ्य परीक्षण व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए एक समिति गठित की जाएगी जो विश्वविद्यालय के पैनल में शामिल अस्पतालों और चिकित्सकों के सहयोग से सभी परिसरों में यह व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा विभिन्न पाठ्यक्रमों की शुल्क संरचना को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में लिए गए निर्णयों को 10 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली एकेडमिक काउंसिल की बैठक में अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा। बैठक में विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष टिहरी पौड़ी और चौरास परिसर के निदेशक वित्त अधिकारी कुलसचिव अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो.ओ.पी.गुसाईं बाह्य सदस्य प्रो.सुधीर प्रताप सिंह डीडब्ल्यूटी कॉलेज देहरादून की प्राचार्य प्रो.आरती दीक्षित बीएसएम पीजी कॉलेज हरिद्वार के प्राचार्य डॉ.गौतमवीर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp