Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर 14 अप्रैल 2026 को चमोली में अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने फायर सर्विस स्टेशन गोपेश्वर में अग्निशमन कार्य के दौरान शहीद हुए कर्मियों को पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को याद किया। फायर सर्विस के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह दिन उन बहादुर अग्निशमन कर्मियों को स्मरण करने का है जिन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए असंख्य लोगों के जीवन की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने सभी कर्मियों से उनके त्याग समर्पण और सेवा भावना से प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में भौगोलिक विषमताएं संकरे मार्ग सीमित जल स्रोत और दूरस्थ स्थानों के कारण आग की घटनाओं पर नियंत्रण करना अधिक चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में जन-धन की हानि को कम करने के लिए तकनीकी दक्षता व्यवहारिक प्रशिक्षण और त्वरित प्रतिक्रिया अत्यंत आवश्यक है। पहाड़ी क्षेत्रों में वनाग्नि और आवासीय आग की घटनाओं की संभावना को देखते हुए उन्होंने कर्मियों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनाकर कार्य करने और नवीन तकनीकों व उपकरणों की जानकारी से लगातार अपडेट रहने के निर्देश दिए। साथ ही सभी को चौबीसों घंटे सतर्क और तत्पर रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। 14 से 20 अप्रैल तक चलने वाले अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान जनपद में विभिन्न स्थानों पर विशेष जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत औद्योगिक एवं संवेदनशील संस्थानों अस्पतालों विद्यालयों सरकारी कार्यालयों बैंकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा फायर सर्विस के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रवाना किया गया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1944 में मुंबई बंदरगाह पर फोर्ट स्टिकीन नामक मालवाहक जहाज में लगी भीषण आग की घटना में 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। इन्हीं वीरों की स्मृति में प्रतिवर्ष 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट प्रतिसार निरीक्षक आनन्द रावत तथा फायर यूनिट गोपेश्वर के कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp