Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जनपद को स्वच्छ सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान शहरी क्षेत्रों से लेकर गांव और कस्बों तक संचालित किया जा रहा है जिससे चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और साफ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के दौरान स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि देवभूमि की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यटकों तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे पहाड़ों वन क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखें तथा प्लास्टिक और कचरे से इनकी पवित्रता को प्रभावित न करें। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में पिछले पांच महीनों से जनपद में लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है जो अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की निगरानी और संचालन कर रहे हैं। इस पहल का असर अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। सफाई अभियान के दूसरे चरण में 1 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक कुल 114347.14 किलोग्राम गीला और सूखा कूड़ा एकत्रित किया गया। इसमें 46786.1 किलोग्राम सूखा कूड़ा और 67561.04 किलोग्राम गीला कूड़ा शामिल है जिसका उचित निस्तारण भी किया गया है। नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि इस अभियान में 35 विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है जो अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई कार्य कर रहे हैं। इस संयुक्त प्रयास से हरिद्वार को स्वच्छ और आदर्श जनपद बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp