Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जनपद में अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और आमजन तथा औद्योगिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए फायर सर्विस पौड़ी द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाया जा रहा है जिसके तहत विभिन्न औद्योगिक और संवेदनशील संस्थानों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत फायर टीमों द्वारा संस्थानों में पहुंचकर अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम बचाव उपायों और आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जा रही है। कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सही तरीके से स्थिति को संभालने और प्राथमिक स्तर पर आग पर काबू पाने के तरीके सिखाए जा रहे हैं।‌ इसी क्रम में 15 अप्रैल 2026 को कोटद्वार क्षेत्र के सिगड़ी स्थित ग्रोथ सेंटर में एकम्स हेल्थकेयर लिमिटेड में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी महताब अली के निर्देशन में विशेष फायर सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के सही और सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान खुले स्थान पर नियंत्रित रूप से आग लगाकर फायर टेंडर होजरील और अन्य उपकरणों के माध्यम से आग बुझाने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। इस मॉक ड्रिल के जरिए कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने का वास्तविक अनुभव मिला। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने की क्षमता विकसित हो रही है जिससे भविष्य में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं के प्रभाव को कम किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp