Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जनपद में हुई सड़क दुर्घटनाओं तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए किए गए सुरक्षा कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं तथा वहां आवश्यक रूप से साइनेज लगाए जाएं ताकि वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके। जिला सभागार में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने लोनिवि पीएमजीएसवाई लोनिवि एनएच एनएचआईडीसीएल और बीआरओ के अधिकारियों को जनपद में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अंधे मोड़ों पर ट्रैफिक सेफ्टी मिरर स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी वाले क्षेत्रों के प्रारंभ और अंतिम छोर पर स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्पीड गवर्नर की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक के दौरान पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा ने चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में चिन्हित वैकल्पिक मार्गों पर सुरक्षा कार्य करवाने की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने वैकल्पिक मार्गों पर सुचारू यातायात के लिए सुधार कार्य किए जाने का सुझाव दिया। इस पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने परिवहन विभाग पुलिस और संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोनिवि के सहायक अभियंता प्रशांत ने जानकारी दी कि बीते दो माह के दौरान जनपद में कुल सात सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं जिनमें से चार मामलों में जांच की कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि जनपद में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सड़क सुधार और सुरक्षा कार्य कराए जा चुके हैं। इसके साथ ही सड़कों के किनारे चिन्हित स्थानों पर क्रैश बैरियर लगाए गए हैं जबकि शेष स्थानों पर कार्य प्रगति पर है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभिषेक गुप्ता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp