Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस को ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। फर्जी बिजली विभाग का अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर अभियुक्त को थाना लम्बगांव पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। घटना के अनुसार 19 फरवरी 2026 को ग्राम हैरवाल निवासी महेश सिंह रावत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताते हुए एक फर्जी लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 2 लाख 59 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए। मामले में थाना लम्बगांव में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त की लोकेशन झारखंड में चिन्हित की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस के सहयोग से 14 अप्रैल 2026 को अभियुक्त शिवम कुमार साहू निवासी बागबेडा जमशेदपुर झारखंड को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है जो लोगों के बैंक खाते खुलवाकर कमीशन के बदले ठगी की रकम का लेनदेन करता है। मामले में आईटी एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है।गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लिया गया है और उसे टिहरी गढ़वाल लाया जा रहा है।आगे की कार्रवाई जारी है।गिरफ्तार अभियुक्त शिवम कुमार साहू पुत्र उमेश साहू निवासी बागबेडा जमशेदपुर झारखंड उम्र 22 वर्ष पुलिस टीम उप निरीक्षक शिवराम अमजद खान पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और खुद को सरकारी अधिकारी बताकर कॉल या संदेश करने वालों से सतर्क रहें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी थाने से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp