प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी बांध झील में सी-प्लेन उतारने का तीसरा ट्रायल भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। गुरुवार को देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरकर 19 सीटर सी-प्लेन शाम लगभग 5 बजे कोटी कॉलोनी स्थित टिहरी झील में सुरक्षित लैंड हुआ। स्काई हाफ प्राइवेट लिमिटेड की ओर से संचालित यह सी-प्लेन लगातार तीसरे दिन भी सफलतापूर्वक टिहरी झील में उतरा जिससे इस परियोजना की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने बताया कि देश को पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में टिहरी झील में सी-प्लेन संचालन की पहल की गई है जो क्षेत्र के पर्यटन विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। गुरुवार को जिलाधिकारी कोटी कॉलोनी क्षेत्र पहुंचीं और सी-प्लेन के पायलट तथा अन्य स्टाफ से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि लगातार तीन सफल लैंडिंग क्षेत्र के लिए सुखद संकेत हैं और यह पहल पर्यटन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल टिहरी झील में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता अधीक्षण अभियंता केएस नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी पायलट आईटीबीपी और एसडीआरएफ के कर्मचारी उपस्थित रहे।
