Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। सैनिक सम्मेलन के उपरांत जनपद पुलिस मुख्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह मार्च की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न अपराधों चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव पुलिस अधीक्षक सिटी अभय सिंह पुलिस अधीक्षक देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। चारधाम यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। यात्रा मार्गों पर लगातार गश्त और पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय रखने दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने तथा अन्य विभागों से समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। रैंक के अनुसार अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने की बात भी कही गई। यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए गए कि ट्रैफिक प्लान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और यात्री वाहनों के दबाव के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। यात्रा मार्गों पर दिशा दूरी और क्यूआर कोड संबंधी जानकारी वाले होर्डिंग्स लगाने के निर्देश भी दिए गए। ऑपरेशन प्रहार के तहत की जा रही कार्रवाई पर संतोष जताते हुए इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। अपराधियों और गैंगस्टरों की संपत्तियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया। साथ ही ऑपरेशन मुक्ति के तहत बाल श्रम भिक्षावृत्ति और अन्य गतिविधियों में लगे बच्चों के पुनर्वास के लिए प्रयास बढ़ाने को कहा गया। थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों का त्वरित और स्पष्ट निस्तारण करने साप्ताहिक समीक्षा करने तथा सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में आवश्यक योजनाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। गर्मी के मौसम को देखते हुए फायर स्टेशनों को पूरी तरह सक्रिय रहने उपकरणों को कार्यशील स्थिति में रखने और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही नशा तस्करों विशेषकर स्मैक से जुड़े तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर नजर रखने और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई करने की बात भी कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp