Spread the love

प्रदीप कुमार
कीर्तिनगर-टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में थाना कीर्तिनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जो पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर था। 20 अप्रैल 2026 को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि डंगवाल गधेरा रोड चौरास क्षेत्र में एक व्यक्ति शराब के नशे में गाली-गलौज करते हुए हंगामा कर रहा है और स्थानीय लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर मोहित बिष्ट उर्फ राहुल निवासी मढ़ी चौरास थाना कीर्तिनगर शराब के नशे में स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए पाया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह पूर्व में हत्या के मामले में जेल जा चुका है और जमानत पर बाहर है। वह अपने आपराधिक इतिहास का भय दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास करता रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अभियुक्त अक्सर नशे में गाली-गलौज और हंगामा करता है जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहता है। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन उसके आक्रामक व्यवहार को देखते हुए शांति भंग की आशंका पर उसे हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से संभावित गंभीर घटना टल गई। अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने लोगों को डराने-धमकाने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक आशीष रावत हेड कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल हरीश चंद्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp