प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। विकास भवन सभागार में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पंचायतें देश की रीढ़ हैं और समग्र विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास को गति देने के लिए पंचायतों का सशक्त और सक्षम होना आवश्यक है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के संदेश का वाचन किया गया जिसमें पंचायतों को सशक्त बनाने आत्मनिर्भर बनाने उनके अधिकार और संसाधनों को बढ़ाने तथा आधुनिक तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही समाज में नारी शक्ति की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को पंचायत सशक्तिकरण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही पंचायतों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला जिला पंचायत सदस्य विजयपाल सिंह रावत जिला पंचायत राज अधिकारी एम एम खान अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत भगवत पाटनी सहित पंचायती राज और जिला पंचायत विभाग के अधिकारी कर्मचारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
