Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए टिहरी गढ़वाल पुलिस ने देवप्रयाग में एक विदेशी महिला पर्यटक की सहायता कर सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। 24 अप्रैल 2026 को विदेशी महिला नतालिया अपने मित्र विवेक के साथ बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर किराये की टैक्सी से यात्रा कर रही थीं। देवप्रयाग क्षेत्र में यात्रा के दौरान टैक्सी चालक और यात्रियों के बीच किराये को लेकर मामूली विवाद हो गया जिसके बाद दोनों पक्ष थाना पहुंचे। पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए दोनों पक्षों की बात शांतिपूर्वक सुनी और आवश्यक समझाइश दी। इस दौरान विदेशी महिला ने बताया कि वह संबंधित टैक्सी चालक के साथ आगे यात्रा करने में असहज महसूस कर रही हैं और उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। इस पर पुलिस ने तुरंत दूसरी टैक्सी की व्यवस्था कराई जिससे महिला पर्यटक सुरक्षित और सहज रूप से अपनी आगे की यात्रा जारी रख सकीं। पुलिस की इस त्वरित और मानवीय सहायता से संतुष्ट होकर विदेशी महिला ने उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया। टिहरी पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान सभी यात्रियों की सुरक्षा सुविधा और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस निरंतर प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp