Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। भारत की जनगणना 2027 जो एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और जिसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाना है उसके अंतर्गत नगर निगम श्रीनगर द्वारा जनगणना का कार्य 25 अप्रैल से प्रारंभ कर दिया गया है। जनगणना का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाना है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य शामिल है जिसकी शुरुआत 25 अप्रैल 2026 से कर दी गई है और यह कार्य 24 मई 2026 तक संपन्न किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। जनगणना कार्य के लिए नगर निगम क्षेत्र में कुल 58 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है। ये प्रगणक अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर मकानों की गणना और सूचीकरण का कार्य कर रहे हैं। मकान सूचीकरण के अंतर्गत सभी भवनों और संरचनाओं की सूची तैयार की जाएगी। इसमें आवासीय स्थिति उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। इसके साथ ही भवनों की जियो टैगिंग भी की जाएगी और प्रत्येक संरचना को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की जाएगी। डाटा संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा रहा है। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्रित की गई सभी व्यक्तिगत जानकारी को पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखा जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी निवासियों से अपील की है कि वे जनगणना प्रगणकों को सही जानकारी प्रदान करें और डिजिटल सर्वेक्षण में पूर्ण सहयोग दें ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय पर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp