Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को देखते हुए श्रद्धालुओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट और ओवर रेटिंग रोकने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद भर में होटल ढाबों दुकानों और रेस्टोरेंट में लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उनके नेतृत्व में तहसील प्रशासन पुलिस प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मखियाली लक्सर में एक मावा निर्माण इकाई पर छापेमारी की। जांच के दौरान मावा निर्माता मनब्बर पुत्र युसूफ द्वारा घर के अंदर मावा तैयार किया जा रहा था। मौके पर लगभग 70 किलो तैयार मावा मिला। इसके अलावा 50 किलो खुली सूजी चार कनस्तरों में करीब 10 किलो वनस्पति तथा स्किम्ड मिल्क पाउडर के लगभग 2500 खुले पाउच भी बरामद हुए। पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने बताया कि इन सामग्रियों का उपयोग मावा बनाने में किया जाता है। मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा खुला मावा वनस्पति और दही के नमूने लिए गए। लगभग 0.3 कुंतल मावा और संबंधित सामग्री को जब्त कर नगर पालिका के सहयोग से सिमली डंपिंग ग्राउंड में नष्ट कराया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। निर्माण इकाई में पनीर का उत्पादन नहीं पाया गया। अनियमितताओं के संबंध में संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया है। संयुक्त निरीक्षण टीम में नायब तहसीलदार मधुकर जैन राजस्व निरीक्षक अनिल गुप्ता खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव तथा लक्सर थाना पुलिस के कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp