Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने 51 से अधिक शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से किया जाए। जिन मामलों में शासन स्तर पर कार्यवाही आवश्यक हो उन्हें शीघ्र पूरा करते हुए शिकायतकर्ताओं को भी जानकारी दी जाए। जनता दरबार में केमसारी टिन शेड निवासी छटांगी देवी ने अपने आवंटित टिन शेड पर कब्जे की शिकायत की जिस पर एसडीएम टिहरी को जांच के निर्देश दिए गए। बौराड़ी 9 डी निवासी राय सिंह नेगी ने पड़ोसी द्वारा सीढ़ियां उनके दरवाजे के सामने बनाए जाने की समस्या रखी जिस पर भी जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। विकासखंड फकोट नरेंद्रनगर के ग्राम भिन्नू निवासी सीमा देवी ने हार्ट और किडनी की बीमारी के उपचार हेतु देहरादून जाने में आ रही समस्या बताई, जिस पर एडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। चम्बा आराकोट क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या उठाने पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। बौराड़ी बस स्टैंड निवासी जगदम्बा प्रसाद पाण्डेय ने वर्ष 2011 से दुकान आवंटन के बावजूद स्टोर न मिलने की शिकायत की जिस पर प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को जांच के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और समाधान पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। साथ ही सभी विभागों को अपने कार्यों का विवरण वार्षिक कार्य कैलेंडर में 30 अप्रैल तक प्रस्तुत करने को कहा गया। इस अवसर पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल एडीएम शैलेंद्र नेगी एसडीएम कमलेश मेहता डीडीओ मो असलम एआरटीओ सतेन्द्र राज ईई विद्युत अमित आनन्द जल निगम केएन सेमवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp