Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर गुरुवार को केदारनाथ धाम पहुंचे जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के बावजूद यात्रा सुव्यवस्थित सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित हो रही है। मंदिर परिसर में पहुंचने पर जिला प्रशासन केदार सभा और मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला। कैलाश खेर ने अपना लोकप्रिय भक्ति गीत जय जय केदारा प्रस्तुत किया जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भावविभोर होकर इसमें शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने जिला प्रशासन पुलिस तीर्थ पुरोहितों मंदिर समिति और केदार सभा के सदस्यों से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और बेहतर प्रबंधन की सराहना की। कैलाश खेर ने उच्च हिमालयी क्षेत्र की विषम परिस्थितियों के बीच भी श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस की तत्परता की सराहना की। उन्होंने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित पूरी प्रशासनिक टीम के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बाबा केदार की नगरी में पहुंचकर मन को अद्भुत शांति और ऊर्जा मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp