Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम में बर्फीली ठंड अधिक ऊंचाई और सीमित ऑक्सीजन जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच श्रद्धालुओं के लिए योग और प्राणायाम शिविर की सराहनीय पहल शुरू की गई है। जिला अधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में बाबा केदार की पावन धरती पर शुरू हुआ यह शिविर यात्रियों के लिए राहत और संबल दोनों साबित हो रहा है। समुद्र तल से 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित इस धाम में श्रद्धालुओं को अक्सर सांस लेने में कठिनाई अत्यधिक थकान और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में योग और प्राणायाम उनके लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन शिविर में भाग लेकर इसका लाभ उठा रहे हैं और अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना रहे हैं। प्रतिदिन प्रातः 10 से 11 बजे के बीच केदारनाथ मंदिर के पीछे निर्धारित स्थल पर प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा निःशुल्क योगाभ्यास कराया जा रहा है। इस दौरान श्रद्धालु शारीरिक रूप से स्वयं को सशक्त बनाने के साथ मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का भी अनुभव कर रहे हैं। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ.आर.एस.पाल ने बताया कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण शरीर पर दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में प्राणायाम और योगाभ्यास शरीर को अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यूनानी चिकित्सा पद्धति भी संतुलित जीवनशैली और श्वास नियंत्रण पर विशेष जोर देती है जिससे रक्तचाप और सांस संबंधी समस्याओं में राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य यही है कि श्रद्धालु स्वस्थ रहें और उनकी यात्रा सुरक्षित व सुखद बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp