प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे द्वारा भारी बारिश के बावजूद स्वयं मैदान में उतरकर चंबा से मां सुरकंडा देवी मंदिर व धनोल्टी तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था पार्किंग प्रबंधन संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पुलिस पिकेट्स तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खराब मौसम के दृष्टिगत अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु पर्याप्त संसाधन और बैकअप व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एसएसपी श्वेता चौबे ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जाए। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाकर लगातार निगरानी रखी जाए। यात्रियों को मार्ग मौसम और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्थानीय प्रशासन और अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मुस्तैदी संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। टिहरी पुलिस द्वारा लगातार निगरानी प्रभावी यातायात प्रबंधन और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
