Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न हो और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल ढाबों दुकानों एवं रेस्टोरेंट में लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार द्वारा चारधाम यात्रा एवं गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा द्वारा न्यू धीरवाली ज्वालापुर स्थित एक बेकरी निर्माण इकाई से बेकरी बिस्किट का नमूना जांच के लिए लिया गया। इसके अतिरिक्त भूपतवाला स्थित एक होटल से संदेह के आधार पर खुला पनीर का नमूना भी जांच हेतु संग्रहित किया गया। कनखल क्षेत्र में एक फुटकर विक्रेता प्रतिष्ठान पर कालातीत शीतल पेय बेचने की शिकायत पर औचक निरीक्षण किया गया जिसमें लगभग 50-60 बोतलें विभिन्न शीतल पेय की एक्सपायर्ड पाई गईं। इन सभी को मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा प्रतिष्ठान स्वामी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत चालानी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खाद्य पदार्थों में मिलावट या ओवररेटिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp