Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम एवं यात्रा मार्ग पर विगत दिवस से रुक-रुक कर हो रही वर्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा सतर्कता और भी बढ़ा दी गई है। खराब मौसम की स्थिति के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए प्रशासन की टीमें निरंतर सक्रिय एवं प्रयासरत हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर तैनात समस्त सेक्टर अधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में हो रही वर्षा की अद्यतन स्थिति का विवरण यात्रा कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार प्राप्त किया जा रहा है। इससे किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जा सकें। जिलाधिकारी द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहते हुए निरंतर सतर्कता बनाए रखें। साथ ही वर्षा/हिमपात सड़क एवं पैदल मार्ग की स्थिति श्रद्धालुओं के आवागमन एवं किसी भी आपात स्थिति से संबंधित सूचनाएं समय-समय पर यात्रा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। वहीं खराब मौसम एवं कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) के चलते हेली सेवाओं के संचालन पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो। यात्रा पैदल मार्ग पर कुछ हिस्सों में कोहरा छाए रहने के बावजूद सुरक्षा बलों के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रेन शेल्टर गर्म पानी स्वास्थ्य सेवाएं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विषम परिस्थितियों में भी निर्बाध रूप से संचालित की जा रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा निरंतर किए जा रहे समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप श्री केदारनाथ धाम यात्रा प्रतिकूल मौसम के बावजूद सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp