Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में आगामी कुंभ 2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मेला प्रशासन द्वारा कुंभ नगरी को सजाने-संवारने की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर तैयारियों और प्रस्तावित कार्यों का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारे जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ क्षेत्र में सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सुगमता स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और अन्य हितधारकों से बातचीत कर उनके सुझाव भी लिए। निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बुद्ध पूर्णिमा स्नान के लिए देशभर से आए श्रद्धालुओं से संवाद किया उन्हें कुंभ मेले का आमंत्रण दिया और व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने तुलसी चौक रेलवे स्टेशन अपर रोड और हरकी पैड़ी क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए सीवरेज लाइन निर्माण और सड़कों के अनुरक्षण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आंतरिक सड़कों और गलियों के सुधार पर भी जोर दिया। व्यापार मंडल और अन्य हितधारकों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कुंभ नगरी को स्वच्छ सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में भवनों के अग्रभाग को भी आकर्षक बनाया जाएगा। मेलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पैदल मार्ग पर सुरक्षा और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा और बताया कि मंदिर परिसर का भी विशेष रूप से सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसके अलावा हरकी पैड़ी क्षेत्र के घाटों और पुलों सहित भीमगोडा पुल हाथी पुल ललतारौ पुल बाल्मीकि चौक निरंजनी अखाड़ा मार्ग और आसपास के घाटों का निरीक्षण कर बेहतर अनुरक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के लिए हेरिटेज मार्गों साधु-संतों की पेशवाई और अमृत स्नान मार्गों को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है। मेलाधिकारी ने विभिन्न स्थानों पर जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार और परियोजना क्रियान्वयन इकाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp