Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जिला सैनिक परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के पूर्व सैनिकों सेवारत सैनिकों वीर नारियों एवं सैनिक विधवाओं से जुड़ी समस्याओं कल्याणकारी योजनाओं तथा सैनिक सम्मान से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कलम सिंह ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन में की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में वर्तमान में 11 हजार 155 पूर्व सैनिक 5 हजार 195 सैनिक विधवाएं 98 वीर नारियां तथा द्वितीय विश्व युद्ध की 20 वीरांगनाएं पंजीकृत हैं। सैनिक कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अक्टूबर माह तक द्वितीय विश्व युद्ध की 20 वीरांगनाओं को 11 लाख 76 हजार 452 रुपये की सहायता तथा 87 वीरता पदक प्राप्त सैनिकों एवं उनके आश्रितों को 67 लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। इसके अतिरिक्त पुत्री विवाह अनुदान प्रधानमंत्री छात्रवृत्ति पेंशनरी अनुदान भर्ती पूर्व प्रशिक्षण एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से भी पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। जनपद में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित 11 शहीद द्वारों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मैखोली में शहीद सिपाही रघुवीर सिंह शौर्य चक्र के नाम से शहीद द्वार का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं काण्डेई फलोदा मस्ट सुनाऊ एवं गिरसा सहित अन्य स्थानों पर शहीद द्वार निर्माण की कार्रवाई गतिमान है। बैठक में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने विभिन्न समस्याएं और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे। प्राप्त सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग तहसील के कालेश्वर क्षेत्र में सैनिक विश्राम गृह एवं ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। पूर्व सैनिकों ने थराली में प्रस्तावित सैनिक विश्राम गृह को कुलसारी में बनाए जाने का सुझाव दिया। वहीं गैरसैंण में सैनिक विश्राम गृह के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को उपजिलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व सैनिकों वीर नारियों एवं उनके परिजनों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए तथा उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग द्वारा पूर्व सैनिकों विधवाओं एवं आश्रितों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल डी.एस. बर्त्वाल सेवानिवृत्त परियोजना निदेशक आनंद सिंह जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कलम सिंह पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह सैनिक कल्याण परिषद के ब्लॉक प्रतिनिधि पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed