Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। मातृत्व दिवस के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे द्वारा पुलिस कार्यालय और विभिन्न शाखाओं में कार्यरत महिला पुलिस कर्मियों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने मातृत्व कर्तव्य और संवेदनशीलता के महत्व पर प्रेरणादायक संबोधन देते हुए महिला कर्मियों के समर्पण अनुशासन और पारिवारिक दायित्वों के साथ पुलिस सेवा में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान श्वेता चौबे ने कहा कि एक पुलिस अधिकारी और एक मां के रूप में दोहरी भूमिका निभाना अदम्य साहस धैर्य और उत्कृष्ट संतुलन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन के बीच कठिन तालमेल बनाए रखने वाली महिला पुलिस कर्मियों का समर्पण प्रेरणादायक है। इस अवसर पर महिला पुलिस कर्मियों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य कार्य और परिवार के बीच संतुलन बनाए रखने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी महिला कार्मिकों को मातृत्व दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद पारिवारिक जीवन की कामना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित महिला पुलिस कर्मियों ने एसएसपी द्वारा दिए गए प्रेरणादायक संदेश और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए अत्यंत उत्साहवर्धक बताया। टिहरी पुलिस परिवार की ओर से मातृत्व दिवस के अवसर पर सभी माताओं को सम्मान और शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp