Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के दौरान टिहरी गढ़वाल पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। मॉरीशस से आए 12 श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर का ब्रेक फेल होने के बावजूद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और चालक की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर संख्या HR55AQ8209 में मॉरीशस से आए 12 यात्री सवार थे जो चारधाम यात्रा के अंतर्गत गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के बाद बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम की ओर जा रहे थे। दोपहर लगभग 2:30 बजे चौकी दुगड्डा क्षेत्र के पास वाहन का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए हैंड ब्रेक की मदद से वाहन को नियंत्रित किया जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना की सूचना मिलते ही चौकी दुगड्डा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर चौकी में बैठाया गया। पुलिस ने तत्काल मोटर मैकेनिक को मौके पर बुलाकर वाहन के ब्रेक ठीक करवाए। आवश्यक मरम्मत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। मॉरीशस से आए यात्रियों ने टिहरी पुलिस की त्वरित सहायता संवेदनशीलता और मानवता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। टिहरी गढ़वाल पुलिस ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp