Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल की उपतहसील पावकी देवी में मंगलवार को तहसील दिवस का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज गूलर दोगी में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने की। तहसील दिवस में आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। तहसील दिवस के दौरान कुल 58 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं जिनमें अधिकतर मामले पेयजल और सड़क से संबंधित रहे। अपर जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके। क्षेत्र पंचायत सदस्य राकेश कुलिवाल ने ग्राम भांगला घाटी से बगीद हेलिपैड तक रोड कटान से हुई क्षति मार्ग निर्माण क्षतिग्रस्त प्रतीक्षालय के पुनर्निर्माण तथा भैरव मंदिर की सुरक्षा दीवार और रास्ता निर्माण की मांग उठाई। घेराधार के ग्रामीणों ने राजकीय इंटर कॉलेज घेराधार में कुछ शिक्षकों और लिपिकीय कर्मचारियों की अनुपस्थिति तथा परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। सतेंद्र सिंह पुंडीर ने ग्रामसभा लोयल के कुड़िया तोक में उत्तराखंड जल निगम मुनिकी रेती द्वारा टैंक निर्माण कार्य अधूरा रहने की समस्या रखी। ग्राम पंचायत चमेली की प्रधान नीलम ने चमेली पेयजल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन की नियमित देखरेख की मांग की। ग्राम प्रधान घिगुड जगमोहन सिंह ने बरसात के दौरान बाढ़ जैसी स्थिति से बचाव के लिए आपातकालीन सैंड निर्माण की मांग उठाई। वहीं सिलकणी की ग्राम प्रधान सुमन ने सिलकणी सड़क के डामरीकरण और ग्राम पंचायत क्यारा में सिंचाई गूल की मरम्मत की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आशीष जिला पंचायतीराज अधिकारी एमएम खान मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp