Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आशुतोष सयाना ने गुरुवार को बेस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से लेकर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा के प्रदेश के माननीय चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल जी के चिकित्सा सुविधा बेहतर बनाने के लगातार निर्देश है प्राचार्य ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को वार्डों में लगे कंप्यूटरों के माध्यम से ही मरीजों के डिस्चार्ज तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही भर्ती मरीजों के सैंपल वार्ड बॉय के जरिए लैब भेजने तथा मरीजों की रिपोर्ट भी वार्ड में ही कंप्यूटर के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा ताकि समय की बचत हो सके और मरीजों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए शुक्रवार को बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। प्राचार्य ने वार्डों में लगी इंटरकॉम सेवा का प्रभावी उपयोग करने पर जोर देते हुए नर्सिंग स्टाफ को सभी जरूरी नंबर वार्डों में चस्पा करने या याद रखने के निर्देश दिए। डॉ.सयाना ने कहा कि मरीजों से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए मरीज सहायता संपर्क केंद्र का उपयोग किया जाए जिससे मरीजों और उनके परिजनों को त्वरित सहायता मिल सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेडिसिन विभाग के आईसीयू का भी जायजा लिया और भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। चारधाम यात्रा पर आए महाराष्ट्र के एक मरीज की पूरी हिस्ट्री लेते हुए बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया। इस मौके पर प्राचार्य ने मेडिसिन विभाग के पीजी डॉक्टरों द्वारा दी जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।‌निरीक्षण के दौरान डॉ.मैर्टन फार्मासिस्ट और अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp