Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिला पंचायत चमोली की बैठक शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत अध्यक्ष कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के सदस्यों ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विकास योजनाओं यात्रा व्यवस्थाओं और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तेज सिंह द्वारा किया गया। बैठक के प्रारंभ में अध्यक्ष उपाध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का स्वागत किया गया। इसके बाद पूर्व बैठक दिनांक 06 फरवरी 2026 की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत चमोली एवं ग्राम पंचायत माणा के मध्य पार्किंग व्यवस्था को लेकर समझौता किए जाने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। सदन ने इस विषय पर आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। इसके अलावा श्री हेमकुंड साहिब यात्रा व्यवस्थाओं के अंतर्गत ईडीसी के घोड़े-खच्चरों की दरों में वृद्धि के विषय पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने यात्रा सीजन के दौरान स्थानीय लोगों की आजीविका और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला पंचायत विकास योजना पर भी विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न विकास कार्यों एवं अन्य जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर विचार करते हुए सदन द्वारा आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए। बैठक में उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सदस्य सुरेश कुमार विष्ट साक्षी नेगी कामेश्वरी देवी कला देवी विपिन फरस्वाण प्रदीप बुटोला विकम सिंह जय प्रकाश सुरेंद्र सिंह नेगी रमा देवी सरोजनी देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वित्तीय परामर्शदाता सुधांशु श्रीवास्तव प्रशासनिक अधिकारी केसी जोशी, प्रधान सहायक यशवंत सिंह विष्ट एवं जिला पंचायत के अन्य कार्मिक भी बैठक में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp