Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में डोबरा-चांटी पुल से कोटि कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर भूस्खलन के कारण बाधित यातायात को पुलिस और संबंधित विभागों की तत्परता से दोबारा सुचारु कर दिया गया है। मार्ग से मलबा हटाने के बाद अब आवागमन सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। 19 मई 2026 को डोबरा-चांटी पुल से कोटि कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर सड़क कटिंग कार्य के दौरान अचानक भूस्खलन हो गया था। भूस्खलन के चलते भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा तत्काल बैरिकेडिंग कर यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। घटना की सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं मार्ग सुचारुकरण कार्य शुरू किया गया। लगातार चलाए गए अभियान के बाद सड़क पर जमा मलबे को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए दोबारा खोल दिया गया। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के साथ प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp